Thursday 30-Apr-2026

रिलीज से पहले विवादों में 'इमरजेंसी', कंगना रनौत को मिली जान से मारने की धमकी

रिलीज से पहले विवादों में 'इमरजेंसी', कंगना रनौत को मिली जान से मारने की धमकी

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

अपनी आगामी फिल्म इमरजेंसी की रिलीज से पहले कंगना रनौत सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल, अभिनेत्री को हाल ही में सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म का निर्देशन कंगना ने ही किया है। इस फिल्म में वह इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आने वाली हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना ने इस मामले में पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। वीडियो में शख्स को हिंसा की बात करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो के अंत में एक शख्स कहता है कि जब हम सिर कटवा सकते हैं तो काट भी सकते हैं। आप भी देखिये कि किस तरह से वीडियो में बिना नाम लिए कंगना रनौत को धमकी दी जा रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के तुरंत बाद कई यूजर्स ने कंगना की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। एक यूजर ने लिखा- हमारे देश में क्या हो रहा है? बीजेपी सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को लोग खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। केवल भारत के इतिहास को चित्रित करने के लिए। क्या भारत की आयरन लेडी की कहानी बताना गलत है, जिन्हें देश के सबसे मजबूत प्रधानमंत्रियों में से एक माना जाता है? कृपया, अपनी सुरक्षा बढ़ाएं। हम वास्तव में आपकी सुरक्षा के लिए चिंतित हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सच्चाई को लेकर कोई दावा फिलहाल नहीं किया जा सकता, पर कंगना ने इस वीडियो को महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और पंजाब पुलिस को टैग करके कार्रवाई की मांग की है।

'इमरजेंसी' की बात करें तो फिल्म 6 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस मूवी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और इमरजेंसी की कहानी दिखाई जा रही है। मूवी का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इसके बाद से बवाल मचा हुआ है। फिल्म में कंगना के अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add3