रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
झारखंड में विभिन्न केंद्रों पर उत्पाद सिपाही पद पर बहाली के लिए आयोजित दौड़ में मौत का सिलसिल थमने का नाम नहीं ले रहा है। रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती दीपक पासवान ने भी दम तोड़ दिया। मेदिनीनगर में हुई दौड़ के दौरान दीपक की तबियत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बता दें कि 22 अगस्त से राज्य के विभिन्न केंद्रों पर जारी शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ के दौरान अबतक 12 अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर बच्चों में नौकरी नहीं मौत बांटने का आरोप लगाया है।
इससे पहले साहिबगंज के जैप-9 कैंपस में दौड़ के दौरान बेहोश हुए एक और अभ्यर्थी ने रविवार को दम तोड़ दिया। वह शनिवार को ही वहां दौड़ के बाद बेहोश हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 22 वर्षीय विकास लिंडा (मृतक) रांची के नामकुम के रामपुर गांव निवासी बिजला लिंडा का पुत्र था। वहीं रविवार को भी दौड़ के बाद 47 अभ्यर्थियों के बेहोश होने की सूचना है। इनमें मेदिनीनगर के चियांकी एयरपोर्ट परिसर में नौ, हजारीबाग के पदमा केंद्र में 15, पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में पांच, साहिबगंज के जैप-नौ कैंपस में छह और गिरिडीह पुलिस केंद्र में 12 अभ्यर्थी बेहोश हो गए। लगातार मौतों के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने रविवार को रांची, हजारीबाग और देवघर समेत कई जिलों में प्रदर्शन किया।
इस बीच पुलिस मुख्यालय ने प्रेस बयान जारी कर बहाली बोर्ड के अफसरों को सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्णत पारदर्शी रखते हुए केंद्रों पर एक मेडिकल टीम, पर्याप्त दवा और एंबुलेंस की तैनाती, पर्याप्त मात्रा में पेयजल और ओआरएस पैकेट, पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर और मेडिकल बेड रखने समेत दौड़ सुबह जल्द पूर्ण कराने को कहा ताकि अभ्यार्थियों को अधिक गर्मी का सामना न करना पड़े।
कहां हुई कितनी मौत?
रांची के टेंडर ग्राम रातू- 1
गिरिडीह पुलिस केंद्र- 2
हजारीबाग के पदमा में- 2
पलामू के चियांकी हवाईअड्डा- 4
पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में- 1
साहिबगंज के जैप-नौ कैंपस- 1
मेदिनीनगर- 1