रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
रांची के रिम्स की लिफ्ट में शनिवार की देर रात एक युवक ने एक महिला चिकित्सक से छेड़खानी की। जब चिकित्सक ने शोर मचाया तब आरोपी को पकड़ लिया गया। उसे बरियातू पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामला रिम्स के सुपरस्पेशलिटी आंकोलॉजी विभाग का है। रविवार को महिला चिकित्सक द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद आारोपी को जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सक आंकोलॉजी विभाग में ड्यूटी पर जा रही थी। ज्यों ही वह बिल्डिंग की लिफ्ट में चढ़ी, उसी समय आरोपी भी आ गया। लिफ्ट बंद होने के बाद वह चिकित्सक से छेड़खानी करने लगा। लिफ्ट रुकते ही वह शोर मचाने लगी। तब वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे रिम्स के कंट्रोल रूम ले जाकर पूछताछ के बाद बरियातू पुलिस को सौंपा गया।
घटना को लेकर रिम्स के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) ने रविवार को कलमबंद हड़ताल का ऐलान कर दिया। हालांकि, बाद में प्रबंधन ने एसोसिएशन के साथ बैठक की। बैठक में प्रबंधन द्वारा हर लिफ्ट में एक लिफ्टमैन रखने के आश्वासन के बाद जेडीए ने हड़ताल टाल दी। इसके लिए लगभग चार दर्जन लिफ्टमैन आउटसोर्स पर रखे जाएंगे। इसके साथ ही जेडीए ने हर वार्ड में कम-से-कम दो सुरक्षाकर्मी तैनात करने की भी मांग प्रबंधन से की है।