Wednesday 24-Jun-2026

खत्म हुआ सस्पेंस, रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

खत्म हुआ सस्पेंस, रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा  लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की उस रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे जिससे उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से चुनाव जीतती आई हैं। पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि गांधी परिवार के करीबी माने जाने किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया है। शर्मा गांधी परिवार की गैर-मौजूदगी में इन दोनों प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों का काम-काज संभालते रहे हैं। बता दें कि अमेठी से भाजपा ने स्मृति ईरानी को टिकट दिया है। ईरानी पहले ही अमेठी से अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं।

राहुल गांधी 2004 से लगातार तीन बार अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने गए थे। वह 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। वह वर्तमान में केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने इस सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस बार भी राहुल वायनाड से चुनाव मैदान में हैं। राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार को रायबरेली और अमेठी से अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इन दोनों सीट पर सात चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होगा, जिसके लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन शुक्रवार यानी आज है।

राहुल गांधी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले अपनी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाद्रा और बहनोई रॉबर्ट वाद्रा के साथ शुक्रवार को अमेठी के फुरसतगंज हवाईअड्डे पर पहुंचे। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी थे। राहुल गांधी रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे जिस पर उनकी मां सोनिया गांधी, उनकी दादी इंदिरा गांधी और उनके दादा फिरोज गांधी ने जीत हासिल की थी। इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व गांधी-नेहरू परिवार के सदस्यों के अलावा उनके मित्रों ने भी किया है।