सीतापुर, इंपैक्ट लाइव टीम।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कमलापुर थाने के सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने गैर जिम्मेदाराना कार्यशैली व आचरण को लेकर थाने के इंस्पेक्टर, तीन चौकियों के इंचार्ज, थाने के हेड मुहर्रिर और 23 आरक्षियों को लाइन हाजिर किया है। इनमें कुल 28 पुलिसकर्मी और खैराबाद थाने के चौकी इंचार्ज उग्रसेन सिंह भी शामिल हैं।
कहा जा रहा है कि मंगलवार देर रात क्राइम ब्रांच के मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन में पुलिसकर्मियों ने सहयोग नहीं किया। हालांकि पुलिस ने ऑपरेशन का खुलासा नहीं किया है।
लाइन भेजे गए अधिकारियों में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कमलापुर भानु प्रताप सिंह, पीयूष सिंह चौकी प्रभारी मास्टरबाग, तेज बहादुर सिंह चौकी इंचार्ज कस्बा कमलापुर, सुरेश कुमार हेड मुहर्रिर थाना कमलापुर लाइन भेजे गए हैं। वहीं एसपी के पीआरओ प्रदीप सिंह को कमलापुर थाने का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।