लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से बड़ा दावा किया गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अखिलेश यादव के दावे से संकेत मिल रहे हैं कि उनके चाचा और जसवंत नगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। एक निजी चैनल के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने यह संकेत दिए।
लोकसभा चुनाव में यादव समाज से सिर्फ अपने परिवार को टिकट देने के विपक्ष के आरोप पर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के पास परिवार ही नहीं था, वो किसको लड़ाते। यह बात मैंने चुनाव में भी कही थी। मैंने यह भी कहा था कि विधानसभा चुनाव में परिवार का कोई नहीं लड़ेगा। मैं लड़ सकता हूं, ज्यादा लोगों को लड़ाऊंगा मैं।
अखिलेश यादव ने दावा करते हुए यह भी कहा कि 2027 में हमारी पार्टी की सरकार जरूर बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कलह चल रही है। दिल्ली और लखनऊ के इंजन टकरा रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने राज्य की स्थिति खराब कर दी है।