Wednesday 24-Jun-2026

अंतिम चरण में बिहार की 8 सीटों पर 50.56% मतदान, इन दिग्गजों की किस्मत EVM में बंद

अंतिम चरण में बिहार की 8 सीटों पर 50.56% मतदान,  इन दिग्गजों की किस्मत EVM में बंद

बिहार में सातवें एवं अंतिम चरण की आठ सीटों पर भी 2019 के मतदान का आंकड़ा पार हुआ। इस चरण के सभी 8 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 50.56 फीसदी मतदान हुआ। 2019 में इस चरण के क्षेत्रों में 51.24 फीसदी मतदान हुआ था। इस प्रकार शाम 6 बजे तक पिछले वर्ष की तुलना में 0.68 फीसदी कम मतदान हुआ। शाम छह बजे तक नालन्दा में 46.50 फीसदी, पटना साहिब में 45.00 फीसदी, पाटलिपुत्र में 56.91 फीसदी, आरा में 48.50 फीसदी, सासाराम में 51.00 फीसदी, काराकाट में 53.44 फीसदी और जहानाबाद में 51.20 फीसदी मतदान हुआ।

इस चरण के मतदान के साथ ही दिग्गज उम्मीदवारों, केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, कौशलेंद्र कुमार, मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, निर्दलीय उम्मीदवार पवन सिंह सहित 134 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। 134 उम्मीदवारों में 122 पुरुष एवं 12 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। चार जून को सभी चरणों के वोटों की गिनती की जाएगी और चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा। वहीं, इस चरण में अगिआंव विधानसभा उपचुनाव को लेकर मतदान प्रतिशत 46 फीसदी रहा। उपचुनाव को लेकर 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, उनके भाग्य का फैसला भी चार जून को होगा।

शनिवार को मतदान की समाप्ति के बाद निर्वाचन विभाग में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बिहार के सीईओ एचआर श्रीनिवास ने बताया कि सातवें चरण के मतदान के दौरान 20,436 कंट्रोल यूनिट, 28,267 बैलेट यूनिट, 22,156 वीवीपैट का उपयोग हुआ। इसमें 67 सीयू, 87 बीयू, 172 वीवीपैट मॉक पोल के दौरान बदले गए जबकि 36 सीयू, 52 बीयू तथा 169 वीवीपैट मॉकपोल के बाद बदला गया। इस चरण में 7878 बूथों से लाइव वेबकॉस्टिंग करायी गयी। इस चरण में सामान्य प्रेक्षक 8, व्यय प्रेक्षक 8, पुलिस प्रेक्षक 5, माइक्रो प्रेक्षक 1876 तैनात किए गए थे।

उन्होंने बताया कि इस चरण में मतदान को लेकर 3073 बूथों को चिन्हित कर वहां शामियाना की व्यवस्था की गयी। साथ ही, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया कि इस चरण में 16634 बूथो में से मात्र 57 बूथों पर 7 बजे से शाम 4 बजे तक एवं 72 बूथों पर शाम 5 बजे तक एवं शेष सभी बूथों पर शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। मतदान के दौरान कुल 168 शिकायतें मिली जिनका तत्काल निबटारा किया गया। इस चरण में कुल चार बूथों पर मतदान बहिष्कार किया गया। इनमें नालंदा संसदीय क्षेत्र के हिलसा में बूथ संख्या 1, पाटलिपुत्र के पालीगंज में बूथ संख्या 188 एवं जहानाबाद में बूथ संख्या 106 एवं 107 शामिल है।

44 मतदान कर्मियों की मौत
सीईओ ने बताया कि राज्य में सभी सात चरणों के मतदान के दौरान 44 मतदानकर्मियों की मौत हुई है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस शुरू करने के पूर्व सभी मृतकों के प्रति मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित किया। साथ ही, अंतिम चरण के मतदान शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने पर सभी को धन्यवाद दिया। प्रेस कांफ्रेंस में अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने की जानकारी दी। इस मौके पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं आलोक शंकर घोष सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।