आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया कि सीबीआई अगले कुछ दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है और शाम तक उन्हें नोटिस सौंपेगी। आप ने यह नहीं बताया कि केजरीवाल को किस मामले में गिरफ्तार किया जा सकता है, हालांकि पार्टी ने कहा कि ऐसा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आप को कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से रोकने के लिए ऐसा किया जा रहा है क्योंकि भाजपा दोनों पार्टियों के साथ आने से डरी हुई है।
आप के दावों पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन भाजपा ने कहा कि आप के नेता भ्रम उत्पन्न करने और केजरीवाल के प्रति सहानुभूति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा था कि कांग्रेस और आप के बीच लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली, गुजरात और हरियाणा में सीटों के बंटवारे को लेकर समझौता होने की संभावना है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत अंतिम चरण में है।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जैसे ही कांग्रेस और आप के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत को अंतिम रूप देने की खबरें आनी शुरू हुईं, ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को सातवां समन भेज दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमें विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि सीबीआई केजरीवाल को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। सीबीआई आज दोपहर या शाम तक केजरीवाल को नोटिस भी देगी।
उन्होंने दावा किया कि अगले दो से तीन दिन में केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें संदेश मिल रहे थे कि अगर आप-कांग्रेस गठबंधन होता है, तो अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भाजपा आप-कांग्रेस गठबंधन से डरी हुई है। आप चाहें तो केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन गठबंधन होकर रहेगा।