प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे (उसके नेता) अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने के बाद भी नकरात्मकता में जी रहे हैं और नफरत का रास्ता छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। प्रधानमंत्री गुजरात के मेहसाणा जिले में वालीनाथ महादेव मंदिर का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 8,350 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और उनका शिलान्यास भी किया।
मोदी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में लंबे वक्त तक कांग्रेस ने ''विकास और विरासत के बीच'' टकराव और शत्रुता पैदा की।
उन्होंने कहा, अगर किसी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाए तो वह कांग्रेस है जिसने दशकों तक देश पर राज किया। ये वही लोग हैं, जिन्होंने सोमनाथ (मंदिर) जैसे पावन स्थल को भी विवाद का कारण बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गुजरात के पंचमहल जिले में पावागढ़ मंदिर में धर्मध्वजा फहराने की इच्छा तक नहीं दिखायी और दशकों तक मोढ़ेरा के सूर्य मंदिर को भी वोटबैंक की राजनीति से जोड़कर देखा। मोदी ने कहा, ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए और उनके मंदिर के निर्माण को लेकर रोड़े अटकाए।
उन्होंने कहा कि आज जब (भगवान राम की) जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है, जब पूरा देश इससे खुश है तो भी नकारात्मकता में जीने वाले लोग नफरत का रास्ता छोड़ नहीं रहे हैं। मोदी ने दीसा (गुजरात के बनासकांठा जिले) में वायु सेना स्टेशन के रनवे को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इसे भारत की सुरक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री (गुजरात का) होने के नाते, मैंने इसके लिए कई पत्र लिखे और काफी प्रयास किया लेकिन केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने रोड़े अटकाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। बल्कि वायु सेना के लोगों ने भी कहा कि भारत की सुरक्षा के लिहाज से यह स्थान महत्वपूर्ण है लेकिन उन्होंने नहीं सुना।