Saturday 09-May-2026

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप नेताओं ने किया सामूहिक अनशन, बीजेपी पर बोला हमला

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप नेताओं ने किया सामूहिक अनशन, बीजेपी पर बोला हमला

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के प्रमुख नेताओं ने रविवार को यहां जंतर-मंतर पर दिनभर का अनशन किया। आप नेताओं ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता केजरीवाल को जेल भेजने का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उचित जवाब देगी। आप के कार्यकर्ता और समर्थक दिनभर के अनशन में शामिल हुए। उन्होंने देशभक्ति के गीत गाए और वे सलाखों के पीछे केजरीवाल की तस्वीर वाले पोस्टर लिये हुए थे।

पार्टी नेताओं ने कहा कि अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेश में भी भारतीयों ने इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन किया। आप के नेताओं ने कहा कि ऐसे प्रदर्शन विदेश में बोस्टन में हार्वर्ड स्क्वायर, लॉस एंजिलिस में हॉलीवुड साइन, वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर, न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और टोरंटो, लंदन और मेलबर्न समेत कई स्थानों पर किये गए।

आप आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल जेल से बाहर आएंगे और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की "तानाशाही" के खिलाफ देश की लड़ाई में शामिल होंगे। छह घंटे के अनशन के दौरान आप के नेता जिस मंच पर बैठे थे, उसकी पृष्ठभूमि में सलाखों के पीछे केजरीवाल की तस्वीर लगी थी। मंच के सामने महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ बी आर आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें भी रखी गई थीं।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, केजरीवाल ईमानदार थे, हैं और रहेंगे। उच्चतम न्यायालय ने सिंह को हाल में दिल्ली आबकरी नीति में हुए कथित घोटाले में जमानत दी है।
संजय सिंह ने शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जांच कर रहे केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी के 456 गवाहों में से केवल चार ने आप के राष्ट्रीय संयोजक के नाम का उल्लेख किया है।