Saturday 13-Jun-2026

गाली प्रकरण: चिराग पासवान बोले- दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें तेजस्वी

गाली प्रकरण: चिराग पासवान बोले- दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें तेजस्वी

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने जमुई में अपनी मां को लेकर की गयी अभद्र टिप्पणी पर तेजस्वी यादव से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने तेजस्वी यादव के पत्र लिखकर कहा कि मुझे दुख तब हुआ जब आपकी आंखों के सामने यह हुआ और आप खामोश रहे। मुझे तब और ज्यादा दुख हुआ जब आपकी पार्टी की प्रत्याशी जो महिला होते हुए इसे नजरंदाज करती रही। मंच पर इतना भी शोर नहीं था कि आपके कान में वो बातें नहीं आई हो। नेताओं की खामोशी असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देती है।

चिराग ने कहा कि राजद समर्थकों द्वारा की गई इस हरकत से 90 के दशक की जंगलराज की यादें ताजा हो गई है। उस दौर में मां-बेटियों का घरों से निकलना भी दूभर था। महिलाओं को अपमानित और प्रताड़ित किया जाता था। आज इस घटना के बाद एक पुत्र होने के नाते मेरे लिए अपनी मां के बारे में ऐसा शब्द सुनना कितना पीड़ादायक है, इसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते।

चिराग पासवान ने कहा कि मैंने अपने पिता से रिश्तों की पहचान करना सीखा है। मैं अपनी मां और बहनों को जैसा प्यार और सम्मान देता आया हूं वैसा प्यार और सम्मान मैंने मीसा दीदी व अन्य बहनों एवं आदरणीय राबड़ी देवी को भी दिया है। मैंने सदैव आपको अपना छोटा भाई माना और आपके और अपने परिवार में कभी फर्क नहीं समझा। लेकिन शायद वो प्यार और सम्मान सिर्फ मेरे तरफ से था। इस बात का दुख मुझे और मेरे परिवार को आज हुआ है। आशा करता हूं कि मेरी माताजी का अपमान करने वालों पर आप तत्काल कार्रवाई करेंगे।