समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को चार जून के बाद 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि सरकार तो बदलेगी ही बदलेगी, मंत्रिमंडल बदलेगा और साथ-साथ 'मीडिया मंडल' भी बदल जाएगा। डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दल सपा के उम्मीदवार भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी के समर्थन में आयोजित एक चुनावी रैली में चिलचिलाती धूप के बावजूद उमड़ी भीड़ को अखिलेश ने संबोधित किया।
अखिलेश ने कहा, 2024 का ये चुनाव बहुत अलग होता जा रहा है। इस चुनाव में देखने को मिल रहा कि जनता ने हर सीमाएं तोड़ दी हैं। 'इंडिया' गठबंधन का समर्थन करने के लिए जनता निकल पड़ी है। उन्होंने कहा कि उनके 'चार सौ पार' का गणित अब लोगों के समझ में आ गया है कि भाजपा चार सौ में जितनी सीटों बचती है उतनी सीटें ही पा रही है। उन्होंने कहा कि आप देख लेना जब सातवें चरण में चुनाव पहुंचेगा, जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा। जो लोग संविधान बदलना चाहते हैं, उन्हें जनता बदल देगी।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि केवल बदलाव नहीं आ रहा है, सरकार तो बदलेगी ही बदलेगी, इनका मंत्रिमंडल बदलेगा और साथ-साथ 'मीडिया मंडल' भी बदल जाएगा। अखिलेश यादव ने भीड़ से सवालिया लहजे में पूछा मंत्रिमंडल के साथ 'मीडिया मंडल' बदलेगा कि नहीं बदलेगा। हां में जवाब मिलने के बाद उत्साहित यादव ने भरोसा दिया कि 'इंडिया' गठबंधन की चार जून के बाद सरकार बनेगी और किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला लिया जाएगा।