Saturday 02-May-2026

अब जनता इनसे कह रही, आपको हटा देंगे फटाफट-फटाफट: अखिलेश यादव का पीएम मोदी पर पलटवार

अब जनता इनसे कह रही, आपको हटा देंगे फटाफट-फटाफट: अखिलेश यादव का पीएम मोदी पर पलटवार

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के 'खटाखट-खटाखट' वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अब जनता इनसे कह रही है कि आपको हटा देंगे 'फटाफट-फटाफट-फटाफट।' 'इंडिया' गठबंधन के घटक दल कांग्रेस के रायबरेली से उम्मीदवार राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा की मौजूदगी में सपा प्रमुख यादव ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा। इस सभा में बाद में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी पहुंचीं।

अखिलेश यादव ने कहा, वे कह रहे हैं कि हम लोग विदेश चले जाएंगे, लेकिन हमारे देश की जनता जागरूक है, वह जानती है कि उन्होंने (मोदी) अपने खासमखास लोगों, मित्रों को एक के बाद एक विदेश भेजने का काम किया। उनके मित्र एक के बाद एक खटाखट-खटाखट विदेश भाग गये। अखिलेश यादव ने देश को कर्ज में डूबा देने का आरोप लगाते हुए कहा, अब जनता इनसे कह रही है आपको हटा देंगे फटाफट, फटाफट, फटाफट। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कहते थे कि 'न खाएंगे न खाने देंगे', वे तो सब डकार गये और कह रहे 'गटागट-गटागट', चुनावी बांड के बाद इन्‍होंने तो डकार भी नहीं ली।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद 'इंडिया' गठबंधन बिखर जायेगा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव गर्मी की छुट्टी पर 'खटाखट-खटाखट' विदेश चले जाएंगे। विपक्ष पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने दावा किया कि चार जून के बाद 'इंडी' (इंडिया) गठबंधन खटाखट-खटाखट टूटकर बिखर जाएगा।

रायबरेली में पीएम मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए यादव ने बिना नाम लिए कहा, देश के एक बहुत बड़े नेता हैं जो हर जगह अपना झूठा रिश्ता निकाल लेते हैं। जहां जाते हैं वहां झूठा रिश्ता निकाल लेते हैं। लोगों की उमड़ी भीड़ की तरफ इशारा करते हुए यादव ने कहा कि वो भी देख लें और सुन लें कि राहुल गांधी जी का सच्चा रिश्ता रायबरेली से है। अगर रा से रायबरेली है तो रा से राहुल भी है।