चंडीगढ़, इंपैक्ट लाइव टीम।
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने ऐलान किया है कि अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। ग्रुप सी में 5 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं बिना ब्याज के 5 लाख तक कर्ज भी मिलेगा। बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई थी। इस योजना के तहत अग्निवीरों को 4 साल के लिए भारतीय सेना में तैनात किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की लोकहित की ये योजना है। इस योजना के माध्यम से हमारे पास स्किल्ड युवा, एक्टिव युवा तैयार होते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती किए जाने वाले कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन और एसपीओ, की भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त होगा। ग्रुप बी और सी में सरकारी पदों के लिए अधिकतम आयु में 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी, परंतु अग्निवीरों के पहले बैच के मामले में यह छूट 5 वर्ष की होगी। सरकार ग्रुप सी में सिविल पदों पर सीधी भर्ती में अग्निवीरों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण और ग्रुप बी में 1 प्रतिशत आरक्षण देगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आगे कहा कि अगर किसी भी अग्निवीर को किसी भी औद्यौगिक यूनिट द्वारा प्रति माह 30 हजार रुपए से अधिक वेतन दिया जाता है, तो हमारी सरकार उस औद्यौगिक यूनिट को 60 हजार रुपए की वार्षिक सब्सिडी देगी। अगर कोई अग्निवीर अपना उद्यम स्थापित करना चाहता है तो सरकार 5 लाख के ऋण पर ब्याज माफ की जाएगी।