गया, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के गया जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बैंक में पैसा जमा करने जा रहे एयरटेल कर्मचारी को गोली मारकर अपराधियों ने 14 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दस लाख रुपये के साथ दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार शेरघाटी थाना के नई बाजार में एयरटेल कंपनी का ऑफिस है। इसका एक कर्मी कंपनी बाइक से रुपए जमा करने बैंक जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने धावा बोल दिया। अपराधियों ने एयरटेल कर्मी को पेट में गोली मारी। इसके बाद उसके पास मौजूद कैश वाला थैला लेकर भाग निकले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को 10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गोलीबारी की घटना में घायल कर्मचारी का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।