Saturday 13-Jun-2026

आंबेडकर 14, नीतीश कुमार 5, नरेंद्र मोदी 6 तो अमित शाह हैं 7 भाई-बहान; सीएम पर तेजस्वी का पलटवार

आंबेडकर 14, नीतीश कुमार 5, नरेंद्र मोदी 6 तो अमित शाह हैं 7 भाई-बहान; सीएम पर तेजस्वी का पलटवार

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद पर ज्यादा बच्चे पैदा करने के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सवाल पर पलटवार किया। उन्होंने अपने जवाब में पीएम, सीएम, और गृह मंत्री के परिवार समेत संविधान निर्माता बाबा साहब भीम राव अंबेडकर, नेता जी सुभाष चंद्र बोस, पूर्व राष्ट्रपति वाईवी गिरी, अटल बिहारी वाजपेयी, के परिवार के सदस्यों की संख्या का हवाल भी दिया।

चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पूर्व मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं। पिता तुल्य हैं, हमेशा से हम उनका सम्मान करते हैं, हम उनके बेटे के रूप में खड़े रहे हैं। तेजस्वी ने अपने परिवार के ऊपर हुए हमले पर कहा कि वो (मुख्यमंत्री) नहीं बोलना चाहते हैं। वो नहीं बोल रहे हैं, उनसे कोई बोलवा रहा है। जो बोलवाने वाले लोग हैं, उनका जिक्र हम जब किताब लिखेंगे तब करेंगे।

तेजस्वी ने कहा कि जो बोलवा रहे हैं, उनको हम जानकारी दे दें कि बाबा साहब अंबेडकर जिन्होंने संविधान लिखा है वह खुद 14 भाई-बहन थे। बाबा साहब अपने माता-पिता की 14 वीं संतान थे। महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद बोस 8 वें भाई थे। वे भी 14 भाई-बहन थे। प्रखर विद्वान और भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति वीवी गिरी के 14 बच्चे थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 7 भाई बहन थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं 5 भाई-बहन हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 भाई-बहन हैं। प्रधानमंत्री मोदी के पिता दामोदर दास जी 7 भाई-बहन थे। प्रधानमंत्री मोदी के चाचा नरसिंह दास जी के 8 बच्चे हैं। गृह मंत्री अमित शाह 7 भाई-बहन हैं। 6 बहनों के बाद 7 वां नंबर इनका है।