बिहार में एनडीए गठबंधन के दोनों प्रमुख घटक दलों, भाजपा व जदयू ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दोनों दलों को मिलाकर 7 नये चेहरे मैदान में उतारे गए हैं। भाजपा ने 13 सांसदों को जबकि जदयू ने अपने 12 सांसदों को फिर से मैदान में उतारा है। भाजपा ने बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे, मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद तथा सासाराम के सांसद छेदी पासवान को बेटिकट कर दिया है। इन तीनों सीटों के अलावा लोजपा के कोटे से भाजपा के हिस्से में आई नवादा सीट को मिलाकर चार नये चेहरे को मैदान में उतारा गया है।
पार्टी ने बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के बदले पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरपुर से अजय निषाद के बदले राजभूषण निषाद को उम्मीदवार बनाया गया है। सासाराम से छेदी पासवान के बदले शिवेश राम तो नवादा से राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया है। मिथिलेश तिवारी, राजभूषण निषाद, शिवेश राम और विवेक ठाकुर लोकसभा चुनाव के रण में पहली बार ताल ठोकेंगे।
भाजपा ने किसी महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया है। मौजूदा सांसदों में शिवहर से रमा देवी पार्टी की इकलौता महिला सांसद थीं। शिवहर सीट जदयू के कोटे में जाने के कारण रमा देवी पहले ही बेटिकट हो चुकी हैं। अलवत्ता जदयू ने इस सीट से पूर्व सांसद लवली आनंद को टिकट दिया है।
ये हैं भाजपा के 17 प्रत्याशी
सीट उम्मीदवार
पश्चिम चम्पारण डॉ संजय जायसवाल
पूर्वी चम्पारण राधामोहन सिंह
मधुबनी अशोक कुमार यादव
अररिया प्रदीप कुमार सिंह
दरभंगा गोपाल जी ठाकुर
मुजफ्फरपुर राजभूषण निषाद
महाराजगंज जनार्दन सिंह सिग्रिवाल,
सारण राजीव प्रताप रूडी
उजियारपुर नित्यानंद राय
बेगूसराय गिरिराज सिंह
पटना साहिब रविशंकर प्रसाद
पाटलिपुत्र रामकृपाल यादव
आरा आरके सिंह
बक्सर मिथिलेश तिवारी
सासाराम शिवेश राम
औरंगाबाद सुशील कुमार सिंह
नवादा विवेक ठाकुर