Saturday 13-Jun-2026

Banka News: शाम में दोस्तों संग निकला, सुबह तालाब में मिली लाश; हत्या की आशंका

Banka News: शाम में दोस्तों संग निकला, सुबह तालाब में मिली लाश; हत्या की आशंका

बांका जिले के धोरैया थाना के पैर पंचायत अंतर्गत सादपुर गांव स्थित तालाब से सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पंजवारा थााना के रामकोल गांव निवासी मांगन यादव का बेटा कृष्णकांत यादव (22) था। मामले में युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस बीच पुलिस ने युवक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मां शर्मिला देवी ने बताया कि कृष्णकांत रविवार की शाम दोस्त लालू यादव व अभिषेक यादव उर्फ घोड़वा के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकला। देर रात तक घर नहीं आने पर परिजनों ने कृष्णकांत की खोजबीन शुरू कर दी। दोस्त लालू ने बताया कि कृष्णकान्त सादपुर गांव स्थित तालाब में डूब गया है। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने तालाब से कृष्णकांत को बाहर निकाला। उसकी मौत हो गई थी। मामले की सूचना धोरैया पुलिस को दी गई। कृष्णकांत की माता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बांका एसडीपीओ विपिन बिहारी ने बताया कि मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्मार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई।

पुलिस गाड़ी देख भागे थे लालू-कृष्णकांत
मामले पर दोस्त अभिषेक और लालू ने बताया कि अभिषेक ने शराब पी थी। दोनों नशे में धुत कृष्णकांत को छोड़ने उसके घर जा रहे थे। रास्ते में उत्पाद पुलिस गाड़ी को देख बाइक से उतर कर लालू व कृष्णकांत भाग गए। बाइक चला रहा अभिषेक वहीं खड़ा रहा। अभिषेक का कहना है कि गश्ती गाड़ी ने उसे कुछ दूर ले जाकर छोड़ दिया। लालू का कहना है कि वह भागकर घर पहुंच गया। वहीं कृष्णकांत तालाब में डर से कूद गया। वहीं गांव वालों का कहना है कि उत्पाद टीम ने दो युवकों को खदेड़ा था। आशंका है कि इसी डर में यूवक ने सादपुर तालाब में छलांग लगा दी होगी और उसकी मौत हो गई होगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।