Saturday 13-Jun-2026

जन विश्वास यात्रा पर निकलने से पहले तेजस्वी ने लालू-राबड़ी से लिया आशीर्वाद, बेटी को किया दुलार; नीतीश पर बोला हमला

जन विश्वास यात्रा पर निकलने से पहले तेजस्वी ने लालू-राबड़ी से लिया आशीर्वाद, बेटी को किया दुलार; नीतीश पर बोला हमला

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव जनता का भरोसा जीतने के खातिर अपनी ''जन विश्वास यात्रा'' की शुरुआत करने मंगलवार को पटना से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होने से पहले प्रदेश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के पास राज्य के लोगों के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है और न ही उनके पास गठबंधन बदलने का कोई कारण था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता के मत को अपने पैर की जूती समझते हैं, जनता उन्हें जवाब देगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होकर पुराने सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ राज्य में नयी सरकार बनाने के कारण सत्ता से बाहर हो चुके तेजस्वी यादव अपनी इस यात्रा के जरिये 11 दिन में सभी 38 जिलों को कवर करने की कोशिश करेंगे।

अपनी 11 दिन की इस यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने पूर्जा-अर्चना की और गाय को रोटी खिलायी। इसके अलावा, यहां अपने पिता एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद और माता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी का आशीर्वाद लिया। अपनी पुत्री कात्यायनी को गोद में लेकर प्यार किया तथा उसके पैर को अपने माथे पर रखा।

उन्होंने कहा कि आज उन्हें माता की ममता, पिता की क्षमता और अपनी पत्नी (राजश्री) के समर्थन से ताकत मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग राजद पर अपना प्यार लुटा रहे हैं, यही कारण है कि यह लंबे समय से विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी रही है। मैं उनसे आग्रह करने जा रहा हूं कि वे हमें और भी मजबूती से समर्थन दें ताकि हम उनके लिए काम कर सकें।

इस अवसर पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने तेजस्वी को आशीर्वाद देते हुए उनके बारे में कहा़ कि पूरा आशीर्वाद है। बहुत काम किया है आगे भी करेगा। जनता जनार्दन से मेरी अपील है इसके मनोबल को बढ़ाएं ताकि वह अपना लक्ष्य हासिल कर ले। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार ने हमारे साथ जो किया वह अनुचित था। वह हमेशा भागते हैं। हम कभी साझेदारी नहीं तोड़ते।

मुजफ्फरपुर के बाद तेजस्वी यादव का आज ही सीतामढ़ी और शिवहर में दो और जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। उनका रात्रि विश्राम मोतिहारी में होगा। तेजस्वी यादव की इस जन विश्वास यात्रा का समापन एक मार्च को होगा।