Wednesday 24-Jun-2026

भोजपुरी एक्टर पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की

भोजपुरी एक्टर पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की

पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट ठुकराने वाले भोजपुरी एक्टर पवन सिंह ने बुधवार को कहा कि वह बिहार के काराकाट से आम चुनाव लड़ेंगे। पवन सिंह ने 'एक्स' पर कहा, मैंने अपनी मां से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लडूंगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव बिहार के काराकाट से लडूंगा। जय माता दी। उन्होंने हालांकि यह खुलासा नहीं किया कि वह निर्दलीय या फिर किसी राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा द्वारा वर्द्धमान-दुर्गापुर से अपने मौजूदा सांसद एसएस अहलूवालिया को आसनसोल से उम्मीदवार घोषित करने के बाद सिंह ने यह घोषणा की। वहीं अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के टिकट पर फिर से चुनाव मैदान में हैं।

बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले सिंह के बारे में चर्चा है कि उनकी नजर आरा सीट पर भी है, जहां केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। काराकाट लोकसभा सीट पर सातवें चरण में मतदान होना है।

पवन सिंह के मैदान में उतरने से पूर्व केंद्रीय मंत्री और काराकाट के पूर्व सांसद उपेन्द्र कुशवाहा की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। बीजेपी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी और कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को काराकट लोकसभा सीट सौंपी है। वहीं विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल भाकपा-माले के उम्मीदवार और पूर्व विधायक राजा राम सिंह काराकाट लोकसभा क्षेत्र से कुशवाहा को टक्कर दे रहे हैं। वहीं ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने भी इस सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है।