Saturday 19-Sep-2026

बिहार बीजेपी में बड़ा फेरबदल, दिलीप जायसवाल बने प्रदेश अध्यक्ष; सम्राट चौधरी हटाए गए, BJP को कितना फायदा?

बिहार बीजेपी में बड़ा फेरबदल, दिलीप जायसवाल बने प्रदेश अध्यक्ष; सम्राट चौधरी हटाए गए, BJP को कितना फायदा?

पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।

बिहार बीजेपी में बड़ा फेरबदल हुआ है। सम्राट चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह दिलीप जायसवाल को बिहार बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में शीर्ष नेतृत्व की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। दरअसल, एनडीए में नीतीश कुमार के शामिल होने के बाद पार्टी ने सम्राट चौधरी को डिप्टी सीएम बनाया था। इसके बाद से ही कयास लगाया जा रहा था कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को दी जा सकती है।

दिलीप जायसवाल कलवार जाति से आते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने वैश्य वोट बैंक यानी 36 फीसदी अतिपिछड़ा वोटर को साधने की कोशिश की है। दिलीप जायसवाल खगड़िया जिले के रहने वाले हैं, लेकिन राजनीति सीमांचल की करते है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो किशनगंज, कटिहार, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया और अररिया में बीजेपी को मजबूती मिलेगी।

सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव के बाद यह तय था कि कोई नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा। दिलीप जायसवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के पीछे मकसद यह है 36 प्रतिशत अति पिछड़ा वोट को साधना। दिलीप जायसवाल की छवि बेदाग रही है और वह बड़े कारोबारी भी हैं। इसके अलावा दिलीप जयसवाल को संघ का भी समर्थन प्राप्त है।

गौरतलब है कि भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत है। सम्राट चौधरी प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री भी थे। वहीं अब पार्टी ने सम्राट चौधरी की भूमिका सरकार में तय कर दी है। बीजेपी ने 23 मार्च 2023 को सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का दायित्व सौंपा था, जिसके तहत बिहार बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष उन्हें चुना गया था। उस वक्त सम्राट चौधरी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे।

impact add1

कौन हैं दिलीप जायसवाल?
दिलीप जायसवाल पूर्णिया-अररिया-किशनगंज क्षेत्र संख्या 23 से एनडीए प्रत्याशी के रूप में तीन बार से चुनाव जीत कर बिहार विधान परिषद पहुंचे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में वे किशनगंज लोकसभा सीट पर उम्मीदवार भी थे। लगातार 20 वर्षों तक बिहार प्रदेश बीजेपी के कोषाध्यक्ष भी रहे हैं। दिलीप जायसवाल जब छात्र थे तब से बीजेपी की राजनीति कर रहे हैं। वे सिक्किम बीजेपी के प्रभारी भी हैं। सीमांचल में इनकी अच्छी पकड़ है। लंबे समय से बिहार बीजेपी में सक्रिय हैं।