पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
लोकसभा चुनाव की तुलना में बिहार विधानसभा की चार सीटों पर हुए उपचुनाव को लेकर बुधवार को हुए मतदान के औसत में मामूली कमी आयी। तरारी, रामगढ़, बेलागंज एवं इमामगंज विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में औसत 52.84 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें तरारी में 50.10 प्रतिशत, रामगढ़ में 54.02 प्रतिशत, इमामगंज (सु) में 51.01 प्रतिशत और बेलागंज में 56.21 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं, इसी वर्ष हुए लोकसभा चुनाव के दौरान इन चार विधानसभा क्षेत्रों में औसत 53.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव के दौरान तरारी में 50.10 प्रतिशत, रामगढ़ में 58.68 प्रतिशत, इमामगंज (सु) में 51.68 प्रतिशत एवं बेलागंज में 52.10 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के अनुसार उपचुनाव को लेकर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इसके साथ ही, सभी 38 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। इनमें 33 पुरुष एवं 5 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। उपचुनाव को लेकर मतगणना 23 नवंबर को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम जारी कर दिया जाएगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर तरारी, रामगढ़ एवं बेलागंज में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। जबकि, इमामगंज (सु.)सीट के लिए 29 बूथों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुआ, वहीं शेष बूथों पर चार बजे तक ही मतदान हुआ। इस उप चुनाव को लेकर 1271 मुख्य बूथ एवं 81 सहायक बूथ, कुल 1277 बूथों पर मतदान हुआ।