Saturday 13-Jun-2026

मशहूर गजल गायक पंकज उधास के निधन पर सीएम नीतीश ने जताया शोक

मशहूर गजल गायक पंकज उधास के निधन पर सीएम नीतीश ने जताया शोक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मशहूर गजल गायक पंकज उधास के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पंकज उधास ने एक कुशल गजल गायक के रूप में पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनायी। उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने कई फिल्मों में भी गायक के रूप में अपनी आवाज दी। उनकी आवाज लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी। उनके निधन से भारतीय संगीत एवं फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

वहीं पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने भी पंकज उधास के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सोमवार को जारी बयान में भाजपा नेता ने कहा कि उनके चले जाने से संगीत जगत में एक अजीब सा सूनापन आ गया है जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। उनकी गायकी में अलग-अलग अंदाज होते थे और उनकी गजलें सीधे दिलों को छू जाती थीं। उनके आवाज में अजीब सी मिठास व जादू थी जो हर उम्र के लोगों को अपना मुरीद बना लेते थे। वह भारतीय संगीत के एक प्रकाश स्तंभ थे, जिनकी गायकी व धुनें कई पीढ़ियों ने सुनी और उन्हें अपना आदर्श मानती रही।