Wednesday 29-Jul-2026

नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म; 38 एजेंडों पर लगी मुहर; सरकारी कर्मियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़ा

नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म; 38 एजेंडों पर लगी मुहर; सरकारी कर्मियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़ा

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

Nitish cabinet meeting: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कुल 38 एजेंडों पर मुहर लगी है। कैबिनेट की बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। राज्य सरकार के सरकारी कर्मियों के लिए बड़ा तोहफा मिला है। महंगाई भत्ता में 3 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। कैबिनेट में इसकी मंजूरी मिल गई है। इसका लाभ पेंशन भोगियों को भी मिलेगा।

वहीं, राजस्व भूमि सुधार विभाग की ओर से पटना सदर अंचल का विभाजन किया गया है। इसे पटना सदर अंचल, पाटलिपुत्र अंचल, पटना सिटी अंचल और दीदारगंज अंचल के रूप में बांटा गया है। इसके लिए राज्य सरकार ने इन कार्यालय में कई श्रेणी के नए पदों का सृजन करने की मंजूरी दे दी है। इन चारों अंचलों के लिए कुल 60 नए पदों के सृजन की मंजूरी मिली है। इसके लिए सरकार को प्रतिवर्ष एक करोड़ 82 लाख 7 हजार 600 का अतिरिक्त भार पड़ेगा जिसकी मंजूरी आज कैबिनेट में मिली है।

impact add1

इसके अलावा राज्य औद्योगिक विकास निगम के तहत बंद हो गए भागलपुर में 'बिहार स्पन सिल्क मिल' एवं फतुहा में 'बिहार स्कूटर्स लिमिटेड' की फैक्ट्रियों के कर्मियों को 'बिहार आकस्मिक निधि' से बकाए वेतन के भुगतान की मंजूरी कैबिनेट में मिल गई है। इसमें जो-जो मृत हो चुके कर्मी हैं उनके परिवार को यह राशि मिलेगी। इसके लिए कैबिनेट में 28 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये का प्रस्ताव पास हुआ है।

वहीं, पटना शहरी क्षेत्र के अंतर्गत शहरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में बड़ा निर्णय लिया गया है। पटना को चकाचक करने के लिए शहरी प्रबंधन इकाई के गठन की स्वीकृति कैबिनेट में मिली है। इसके लिए 42 पदों का सृजन किया जाएगा। इसकी स्वीकृति कैबिनेट में मिल चुकी है। इसमें एडीएम स्तर के एक जिला दंडाधिकारी का पद, समाहरणालय लिपिक स्तर के 19 पद, वाहन चालक के लिए 8 पद और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के लिए 14 पदों के सृजन की स्वीकृति मिली है। ये सभी कर्मी पटना जिलाधिकारी के नियंत्रण में रहेंगे।