पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। साथ ही निशाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी रखा है। झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए चतरा पहुंच तेजस्वी ने कहा कि कहा कि बीजेपी ने उनके चाचा (नीतीश कुमार) को हाईजैक कर लिया है। तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारे में घमासान मच गया है।
जेडीयू ने पलटवार करते हुए कहा कि लालू यादव को किसने हाईजैक किया है? टिकट वितरण में कहां हैं लालू? इतना ही नहीं तेजस्वी यादव ने तो अपने भाई (तेज प्रताप यादव) का सियासी करियर खत्म कर दिया। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी पार्टी और परिवार को हाईजैक करने वाले बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन को किसने हाईजैक कर लिया? मुलायम सिंह यादव को किसने हाईजैक किया था? परिवारवाद की राजनीति करने वाले लोगों का यही हश्र होता है। आज लालू जी को मुस्कुराने लायक भी उनके बेटे ने नहीं छोड़ा है।
वहीं जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार कोई नए लीडर नहीं हैं। नीतीश कुमार का सियासी सफर 45 साल का है। नीतीश कुमार ने कभी सिद्धांतों और उसूलों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के बड़े नेताओं को भी उन्होंने (सीएम नीतीश कुमार) गिरफ्तार कराया और आरजेडी के बड़े नेताओं को भी गिरफ्तार कराया है। नीतीश कुमार पर हाईजैक का आरोप लगाकर तेजस्वी यादव यह बता रहे हैं कि वह सत्ता में आने के लिए व्याकुल हो गए हैं। तेजस्वी यादव समझ रहे हैं कि जब तक नीतीश कुमार हैं बिहार के 13 करोड़ बिहारी नीतीश कुमार से प्रेम को कम नहीं कर सकते। तेजस्वी यादव को सत्ता नहीं मिल सकती।