प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास जताया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और चार जून को जब चुनाव परिणाम आएंगे तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एक साक्षात्कार में कहा, पूरे देश के लिए हमारी रणनीति एक समान है। फिर एक बार मोदी सरकार और चार जून को 400 पार। उन्होंने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने एक मिथक पैदा किया है कि भाजपा दक्षिणी राज्यों में कोई ताकत नहीं है या वहां उसकी मौजूदगी नहीं है।
उन्होंने कहा, 2019 के चुनाव को देखिए। तब भी दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ही थी। एक बार फिर, मैं यह कहता हूं : इस बार दक्षिण में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा होगी तथा उसके सहयोगियों को और अधिक सीटें मिलेंगी। मोदी ने कहा, हम दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे और पिछली बार से भी अधिक अंतर से जीतेंगे। उन्होंने बताया, ''हमने पहले ही लोगों की सोच में बदलाव देखा है। हम दक्षिण क्षेत्र में अपनी सीटों की संख्या और मत प्रतिशत में भी बड़ी वृद्धि देखेंगे। बता दें कि लोकसभा की 543 लोकसभा सीटों में से दक्षिण भारत में 131 सीटें हैं। निवर्तमान सदन में कर्नाटक से भाजपा के 29 सदस्य हैं। इसके अलावा उसे एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन भी प्राप्त है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत में भी, हम लोगों से भारी समर्थन मिलता देख रहे हैं...जिससे भुवनेश्वर, कोलकाता और दिल्ली में भी मीडिया और राजनीति के कुछ वर्गों में लोगों की रात की नींद उड़ गयी है। कुछ साल पहले एक 'प्रेजेंटेशन' के जरिये पूर्वी भारत में विकास की कमी को विस्तार से बताने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राजग सरकार विशेष रूप से इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप पिछले दशक में, क्षेत्र ने वह अंतर देखा है जो एक भाजपा सरकार, एक राजग सरकार ला सकती है। उन्होंने कहा कि तथाकथित 'लाल गलियारा' इन चुनावों में 'भगवा गलियारा' बन जाएगा।