Wednesday 24-Jun-2026

लोकसभा चुनाव में भाजपा 200 सीट भी नहीं जीतेगी, ममता बनर्जी का दावा

लोकसभा चुनाव में भाजपा 200 सीट भी नहीं जीतेगी, ममता बनर्जी का दावा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 200 सीट पर भी जीत दर्ज नहीं कर सकेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दी जा रही गारंटी को झूठा करार दिया। ममता बनर्जी ने पार्टी उम्मीदवार निर्मल चंद्र रॉय के लिए एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाया गये संविधान को नष्ट कर रही है।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रैली में कहा, भाजपा 200 सीट भी नहीं जीतेगी। उन्होंने उत्तर बंगाल के लिए क्या किया है? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'गारंटी' के झांसे में नहीं आएं। ये कुछ और नहीं बल्कि चुनावी जुमला हैं। बंगाल को उसका बकाया नहीं देना मोदी की गारंटी है। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने आगामी चुनाव में 400 से अधिक लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य तय किया है।

ममता बनर्जी ने कहा, आपने (भाजपा ने 2021) विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि वे बंगाल में 200 से अधिक सीट जीतेंगे, लेकिन आपकी गाड़ी 70 पर रुक गई। फिलहाल 70 में से 10 पहले ही हमारे साथ जुड़ चुके हैं। अब इस संसदीय चुनाव में आप 400 सीट जीतने का दावा कर रहे हैं। मैं आपसे कहती हूं कि पहले 200 सीट पर जीत हासिल करें। उन्होंने बनर्जी ने भाजपा नेताओं को चुनाव के दौरान आने वाले पक्षी बताया।

उन्होंने कहा, आपने (भाजपा ने) देश के संविधान को नष्ट कर दिया है जिसे बाबासाहेब आंबेडकर ने बनाया था। आपने पूरा देश बेच दिया है। ममता बनर्जी ने बेंगलुरु विस्फोट मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद पश्चिम बंगाल को आतंकवादियों की पनाहगाह कहने के लिए भाजपा नेता अमित मालवीय का नाम लिए बिना उनकी आलोचना की।