पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
बिहार की राजधानी पटना में सोमवार की सुबह दो छात्रों की लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई। एक पेट्रोल पंप के पास स्थित गैराज के नजदीक पानी भरे गड्ढे से दोनों शव मिले हैं। मामला बेउर थाना क्षेत्र का है। दोनों बच्चों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शव पर जख्म के निशान थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। वहीं जानकारी मिलते ही दोनों बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर 70 फीट के पास एनएच-30 को जाम कर दिया। आगजनी कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद मोहल्ले के रहने वाले 12 वर्षीय विवेक कुमार और 11 वर्षीय प्रत्यूष कुमार के रूप में हुई है। विवेक चौथी क्लास में पढ़ता था जबकि प्रत्यूष छठी क्लास में पढ़ रहा था। परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चों के गायब होने की सूचना रात में गर्दनीबाग थाने को दी गई थी। शिकायत के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, विवेक के पिता विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि बच्चों की आंखें फोड़ी गई हैं। जीभ और सीने पर भी चाकू मारा गया है। अंतिम समाचार मिलने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया था। हालांकि घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस लोगों को शांत करने के प्रयास में जुटी है।