Wednesday 29-Jul-2026

पटना मेट्रो के निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा, लोको मशीन का ब्रेक फेल; 1 मजदूर की मौत

पटना मेट्रो के निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा, लोको मशीन का ब्रेक फेल; 1 मजदूर की मौत

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेट्रो टनल में लोको मशीन का ब्रेक फेल होने के कारण कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गयी है। वहीं 6 अन्य मजदूर घायल हैं, जिसमें चार मजदूरों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी का पटना मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घटना सोमवार की देर रात की है।

जानकारी के अनुसार यह घटना एनआईटी मोड़ के पास हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि लोको मशीन के द्वारा सामान टनल के अंदर पहुंचाया जा रहा था, इसी दौरान इसका ब्रेक फेल हो गया। टनल के अंदर काफी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। कई मजदूर मशीन की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गयी। 6 मजदूर घायल हैं जिसमें 4 की हालत गंभीर है। 

impact add6

घटना के बारे में डीएमआरसी की पीआरओ मोनिसा दुबे ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोमवार की देर रात घटना हुई है। 10 बजे के आसपास यह घटना हुई। हादसे के बारे में सुपरवाइजर ने बताया कि रात में काम के दौरान कोई इंजीनियर नहीं था, इसलिए यह घटना घटी है।

वहीं मजदूरों ने बताया कि हमलोग रात के आठ बजे से सुबह के 8 बजे तक काम करते हैं। इस दौरान कोई वरीय अधिकारी मौजूद नहीं रहते हैं। घटना से आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।