झारखंड के गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी-डुमरीटोला के पास अरगा नदी पर साढ़े पांच करोड़ की लागत से बन रहा पुल शनिवार रात मानसून की बारिश में ध्वस्त हो गया। इसके चार गर्डर और सेंटरिंग का सामान नदी के तेज बहाव में बह गया। सेटरिंग बहकर डेढ़ किमी दूर चला गया। वहीं पुल के लिए बनाया गया एक पिलर भी टेढ़ा हो गया। जानकारी मिलने पर कार्य एजेंसी, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता विनय कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इस पुल के बन जाने से देवरी के फतेहपुर मोड़ से बिहार सीमा पर स्थित बोंगी तक का आवागमन आसान होता। निर्माण कंपनी के जीएम तौसीफ अहमद ने घटना की जानकारी दी। बता दें कि पथ निर्माण विभाग पुल का निर्माण करा रहा है। निर्माण कार्य का जिम्मा ऊं नम शिवाय कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। 2022 में निर्माण शुरू हुआ था। 70 फीसदी काम पूरा हो चुका था।
पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद रविवार को आसपास के ग्रामीणों ने व्यवस्था के खिलाफ रोष जताया है। फतेहपुर मोड़ से बिहार के बोंगी सीमाना तक सड़क एवं अरगा नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति साल 2019 में मिली थी।