Friday 07-Aug-2026

बस ने ऑटो को टक्कर मारी, 7 मजदूरों की मौत; CM ने जताया शोक

बस ने ऑटो को टक्कर मारी, 7 मजदूरों की मौत; CM ने जताया शोक

अनंतपुर, इंपैक्ट लाइव टीम।

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार को राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस ने खेतिहर मजदूरों को ले जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गरलाडिन्ने मंडल में हुई। बताया गया कि बस की टक्कर के बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की अस्पताल ले जाते समय और तीन अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि जिले के कुटलूर मंडल के नेल्लुतला गांव के 12 खेतिहर मजदूर काम के लिए एक ऑटो में सवार होकर गरलाडिन्ने आए थे। काम से लौटते समय सामने से आ रही आरटीसी बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल मजदूरों को अनंतपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान कर ली गई है।

impact add5

वहीं, एसपी जगदीश और डीएसपी वेंकटेश्वरलू ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। आरटीसी चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है। कलेक्टर विनोद कुमार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर दुख जताया। सीएम नायडू ने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ितों के परिवारों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की।