Saturday 13-Jun-2026

बिहार में सीबीआई की टीम पर हमला, UGC NET पेपर लीक केस की जांच करने पहुंची थी नवादा

बिहार में सीबीआई की टीम पर हमला, UGC NET पेपर लीक केस की जांच करने पहुंची थी नवादा

यूजीसी नेट पेपर लीक मामले में छापेमारी के लिए बिहार के नवादा जिले के नवादा पहुंची सीबीआई एंटी करप्शन ब्यूरो (दिल्ली) की टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में सीबीआई टीम की गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सीबीआई अफसर और एक महिला कांस्टेबल के साथ हाथापाई व अभद्रता की गई। घटना में सीबीआई की कार (बीआर 01 एचटी 5797) बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना शनिवार दोपहर बाद 350 बजे की बतायी जाती है।

घटना के वक्त सीबीआई टीम रजौली थाना क्षेत्र के मुरहेना गांव के कसियाडीह टोले में स्थित एक घर में छापेमारी कर दो मोबाइल व कुछ दस्तावेज जब्त कर लौट रही थी। इसी बीच 200-300 ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने फर्जी सीबीआई समझकर टीम पर हमला कर दिया। बाद में मौके पर पहुंची रजौली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और एक लड़की समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में कसियाडीह की राधा कुमारी, प्रिंस कुमार समेत दो अन्य शामिल हैं। घायल कार ड्राइवर संजय सोनी का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया। वह दानापुर का है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई की टीम ने यहां की पुलिस को आने की कोई सूचना नहीं दी थी।

यूजीसी नेट मामले में सीबीआई की टीम रजौली पहुंची थी। ग्रामीणों ने नकली समझकर उनके साथ मारपीट की। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।- अम्बरीष राहुल, एसपी, नवादा