झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने झारखंड के शुक्रवार को राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चंपई सोरेन के अलावा कांग्रेस नेता आलमगीर आलम, राजद नेता सत्यानंद भोक्ता ने झारखंड में चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबाल हॉल में हुआ। बता दें कि चंपई सोरेन को राज्यपाल ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था।
आदिवासी नेता चंपई सोरेन (67) राज्य के 12वें मुख्यमंत्री बने हैं। वह झारखंड के कोल्हान क्षेत्र से छठे मुख्यमंत्री हैं। कोल्हान क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले हैं।
झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन के पास 47 विधायक हैं। इनमें झामुमो के 29, कांग्रेस के 17 और राजद के 1 सदस्य शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 26 और आजसू पार्टी के तीन विधायक हैं। इसके अलावा दो सदस्य निर्दलीय हैं और राकांपा तथा भाकपा (माले) के एक-एक विधायक हैं।