आरा, इंपैक्ट लाइव टीम।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को भोजपुर जिले को 56.29 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात दी। सीएम नीतीश ने बखोरापुर में आयोजित कार्यक्रम में 41 करोड़ 63 लाख की योजनाओं का उद्घाटन और 15 करोड़ 66 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान आरा के सांसद सुदामा प्रसाद को उनके सिक्योरिटी गार्ड ने धक्का देकर सीएम से मिलने नहीं दिया और खदेड़ दिया. वो सीएम को देने के लिए गुलदस्ता लेकर खड़े थे। उन्होंने तीन-तीन बार प्रयास किया, लेकिन सीएम के सामने ही उनके सिक्योरिटी गार्ड ने हटा दिया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए सांसद सुदामा प्रसाद ने यह आरोप लगाया है।
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि कार्यक्रम में मुझे मुख्यमंत्री के कमांडो ने तीन तीन बार धक्का देकर वहां से भगा दिया। उन्होंने कहा कि कई बार उनसे मिलने और गुलदस्ता देने का प्रयास किया, फिर भी मुझे उनके कमांडो ने धक्का देकर वहां से हटा दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में विधायक सांसद और एमएलसी को कोई वैल्यू नहीं दिया गया है।
आरा के सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि उद्घाटन अगर करना था तो सीएम हाउस से ही बटन दबाकर कर दिए होते। यह बाढ़ प्रभावित इलाका है, उनको कम से कम यहां की जनता की समस्या सुननी चाहिए थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नसीहत देते हुए सांसद ने कहा कि आप और एक हजार कमांडो रख लीजिए, पांच हजार सीआरपीएफ रख लीजिए लेकिन जब आपने निमंत्रण देकर बुलाया है तो इस तरह का अपमान ठीक नहीं है।