चिराग पासवान ने वैशाली लोकसभा क्षेत्र पर दावेदारी ठोकते हुए कहा कि अगले पांच साल तक लोजपा (आर) के सांसद ही यहां सेवा देंगे। लोजपा (रा) ने बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया है और आगे भी बिहार को नंबर एक राज्य बनाने का काम करेगी। वे रविवार को साहेबगंज प्रखंड के हरि सिंह उच्च विद्यालय मैदान से आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित कर रहे थे।
लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद ने कहा कि चिराग का गठबंधन और तालमेल सिर्फ बिहार व बिहारी से है। उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की नीति ठीक होती तो यहां के युवा रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करते।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुझे सत्ता का लोभ नहीं है। तमाम कोशिश के बाद भी ना मैं डरा और ना झुका। राजनीतिक साजिश कर घर, परिवार और पार्टी तोड़ी गई, पर मैंने स्व. रामविलास पासवान के आदर्श को ना टूटने दिया और ना झुकने दिया। चिराग ने कहा कि वैशाली लोकसभा सीट पिछले पांच साल से मेरी है, अगले पांच साल तक लोजपा (रा) के सांसद ही रहेंगे। इससे पहले श्री पासवान ने वैशाली की धरती को नमन कर सभा की शुरुआत की। वे करीब 65 मिनट तक साहेबगंज की सभा में मौजूद रहे।