Monday 25-May-2026

महाराष्ट्र चुनाव नतीजों को लेकर सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को दी बधाई

महाराष्ट्र चुनाव नतीजों को लेकर सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को दी बधाई

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार में चार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए गए, जिसके तहत सभी सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। इसके साथ ही महाराष्ट्र विधानसभा में एनडीए की जीत हुई है। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी बहुमत से शानदार जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सीएम नीतीश ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है।

बिहार के चार विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत के बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री मंगल पांडेय सहित एनडीए के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और बधाई दी। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और एनडीए प्रत्याशियों की जीत पर बधाई दी।

बता दें कि बिहार में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया। रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज में एनडीए के प्रत्याशी विजई घोषित किए गए। बेलागंज विधानसभा से जेडीयू की मनोरमा देवी, तरारी से बाहुबली नेता सुनील पांडेय के पुत्र विशाल प्रशांत ने जीत दर्ज की। गया जिले की इमामगंज से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की दीपा मांझी तथा रामगढ़ से भाजपा के अशोक सिंह ने जीत दर्ज की।