कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 17 और उम्मीदवार घोषित किए जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर एवं एम एम पल्लम राजू तथा पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की 11वीं सूची में आंध्र प्रदेश से पांच, बिहार से तीन, ओडिशा से आठ और पश्चिम बंगाल से एक उम्मीदवार का नाम शामिल है। पार्टी ने बिहार के कटिहार से एक बार फिर अनवर को उम्मीदवार बनाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार दुलालचंद गोस्वामी ने पराजित किया था। एक बार फिर से उनका मुकाबला गोस्वामी से होगा।
कांग्रेस ने बिहार की किशनगंज लोकसभा सीट से अपने मौजूदा सांसद मोहम्मद जावेद को टिकट दिया है। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजीत शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में से नौ पर चुनाव लड़ रही है; वहीं, 26 सीट पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पांच सीट पर वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में गठबंधन के तहत कांग्रेस के हिस्से में नौ सीट- किशनगंज, कटिहार, पटना साहिब, भागलपुर, सासाराम, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और महाराजगंज आई हैं।