Saturday 13-Jun-2026

महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में उमड़े भोलेनाथ के भक्त, शिवलिंग पर चढ़ाया जल

महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में उमड़े भोलेनाथ के भक्त, शिवलिंग पर चढ़ाया जल

महाशिवरात्रि का पर्व देशभर में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। बिहार में भोलेनाथ के भक्त शिव मंदिरों में पूजा दर्शन करने के लिए उमड़ पड़े हैं। अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के ऐतिहासिक शिव मंदिर सुंदरनाथ धाम सुंदरी सहित अन्य शिव मंदिर में महाशिवरात्रि उल्लास वातावरण में मनाया गया।

सुंदरी मठ में दर्शन व जलाभिषेक को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दर्शन व पूजन को लेकर श्रद्धालु सुबह से मंदिर परिसर में जुटने लगे थे। श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो इसके लिए बेरिकेटिंग की व्यवस्था की गई थी। परिसर स्थित शिव गंगा से जलभर कर लाइन में कतारबद्ध होकर पूरब, दक्षिण व पश्चिम महाड़ होते हुए मंदिर में प्रवेश कर जलाभिषेक किया। इसके साथ ही शिवलिंग पर फुल, बेलपत्र, गंगाजल, भांग, धथुरा, दूध आदि चढ़ाए। इस दौरान ऊं नम: शिवाय, बम बम भोले, जय शिव शंभू आदि के जयकारे मंदिर परिसर सहित आस पास गुंजायमान होता रहा।

यही नहीं श्रद्धालुओं ने माता पार्वती मंदिर व नंदी महराज को भी जलाभिषेक कर व फूल चढ़ाया। मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे चप्पे में पुलिस बल लगाये गये थे। हत्ता चौक से सुंदरी तक जगह जगह और रजोला व डूमरिया आदि जगहों पर भी दण्डाधिकारी के साथ पुलिस बल प्रतिनियुक्त किए गए थे। इसके साथ ही बीडीओ आरके राघव, सीओ आलोक कुमार, कुर्साकांटा थानेदार अभिषेक कुमार, कुआड़ी थानेदार रौशन कुमार, सोनामणि गोदाम ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार, दारोगा अरुण कुमार आदि भी काफी सक्रिय दिखे।

वहीं शाम के समय शिव पार्वती विवाह को लेकर गाजे बाज के साथ बारात निकाली गयी। इस बारत में काफी संख्या में विभिन्न वेश भूषा में लोग शामिल हुए। रात्रि में विधि विधान के साथ शिव व पार्वती की विवाह धूमधाम से किया गया। इसके साथ ही बाहर से आये कलाकारों के द्वारा जागरण कार्यक्रम भी किया गया।