झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार दोपहर 40 वर्षीय एक दंत चिकित्सक ने अपनी दो बच्चियों को जहर देने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, और पारिवारिक कलह को इसका कारण बताया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर के विष्णु पुरी इलाके में राजकुमार ने अपनी दो बेटियों--अनवी राज (8) और आध्या राज (5) को जहर देने के बाद अपनी कलाई की नस काट ली। पुलिस ने बताया कि कुमार की पत्नी चांदनी देवी (35) एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने तीन बच्चों के साथ शहर के कुम्हारटोली स्थित मायके गई थी। उनके साथ दो बेटियों के अलावा उनका तीन वर्षीय बेटा रंजीत भी था।
पीड़ित के रिश्तेदारों ने बताया कि तभी चिकित्सक वहां पहुंचा और दोनों बेटियों के लिए उपहार खरीदने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गया। पुलिस ने बताया कि हालांकि वह उन्हें अपने आवास पर ले गया, जहां अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि इन तीनों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन वहां भर्ती किये जाने के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने घटना को हत्या-आत्महत्या का मामला बताया है। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित पुलिस को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है।