विपक्षी 'इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) गठबंधन को दोहरा झटका देते हुए पश्चिम बंगाल और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में उनके राज्यों में उनके दलों का कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं होगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच सीटों के बंटवारे पर चल रहे टकराव के बीच आज अचानक घोषणा की कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव में उतरेगी। इसी तरह की घोषणा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की है।
ममता बनर्जी के बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से एक दिन पहले आये हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि मैंने उन्हें (कांग्रेस को) सीटों के बंटवारे पर एक प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने शुरू में ही इसे नकार दिया। हमारी पार्टी ने अब बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। बनर्जी ने यह भी कहा कि पार्टी का राज्य में कांग्रेस से कोई रिश्ता नहीं होगा। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से टकराने के लिए कुल 28 विपक्षी दलों ने 'इंडिया' गठबंधन का गठन किया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी (आप) आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री ने यह दावा भी दोहराया कि 'आप' राज्य की सभी 13 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी।