Thursday 30-Apr-2026

100 ग्राम वजन की वजह से कौन निकालता है? विनेश फोगाट के डिस्क्वालिफाई होने पर बोले ससुर राजपाल राठी

100 ग्राम वजन की वजह से कौन निकालता है? विनेश फोगाट के डिस्क्वालिफाई होने पर बोले ससुर राजपाल राठी

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

एक हैरान करने वाले घटनाक्रम में विनेश फोगाट को महिलाओं की 50 किलो कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाये जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया। अब उनके डिस्क्वालिफाई होने पर परिवार का रिएक्शन सामने आया है। विनेश फोगाट के ससुर राजपाल राठी ने एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान सवालिया लहजे में कहा कि 100 ग्राम वजन कितना ज़्यादा होता है। उन्होंने कहा कि सर के बाल से भी 100 ग्राम का वजन बढ़ जाता है। इसके अलावा उन्होंने सरकार और बृज भूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इसमें सरकार और बृज भूषण शरण सिंह का हाथ है।

राजपाल राठी ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये षड्यंत्र किया जा रहा है। इसमें सरकार का हाथ है। 100 ग्राम वजन की वजह से कौन निकालता है? सिर के बाल से भी 100 ग्राम बढ़ जाता है। उन्होंने आगे कहा कि अभी तक विनेश फोगाट से बात नहीं हुई है। विनेश ने कई बार बोला कि मेरे साथ साजिश की गई है। जयपुर और बाकी जगहों पर फोगाट ने कई बार यह बयान दिया है। कल जब फाइट हुई तो उस समय वजन क्यों नहीं बढ़ा।

impact add2

वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल से पहले वजन अधिक होने के कारण अयोग्य करार दी गई पहलवान विनेश फोगाट को हौसला देते हुए कहा कि वह भारत का गौरव हैं और उन्हें मजबूती से वापसी करनी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज का झटका दुखदाई है। काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते जो मैं अनुभव कर रहा हूँ। साथ ही, मैं जानता हूं कि आप जुझारूपन का प्रतीक हैं। चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापस आइए! हम सब आपके साथ हैं।