Friday 01-May-2026

बिहार में नशेड़ी पिता की खौफनाक करतूत, डेढ़ माह की बच्ची को जमीन पर पटककर मार डाला

बिहार में नशेड़ी पिता की खौफनाक करतूत, डेढ़ माह की बच्ची को जमीन पर पटककर मार डाला

समस्तीपुर, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के समस्तीपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशेड़ी पिता ने अपनी डेढ़ माह की दुधमुंही बच्ची को जमीन पर पटककर मार डाला। ग्रामीणों ने आरोप पिता देव कुमार पासवान को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। देव कुमार नशे का आदी था और एक माह से ससुराल में ही रहता था। सास-ससुर को पैसे के लिए तंग करता था। देव कुमार बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राजापुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची की मां अमृता ने बताया कि रविवार रात उसका पति घर में ही बच्ची के पास था। अचानक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। दौड़कर कमरे में पहुंची तो देखा कि मेरे पति बच्ची को पटक रहे हैं। जब तक उनसे छुड़ाकर बच्ची को अपने पास लेती, बच्ची अचेत हो चुकी थी। रोने की आवाज पर आसपास के लोग जुट गए। आनन-फानन में बच्ची को लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

impact add4

रोसड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर में पिता द्वारा अपनी ही पुत्री की हत्या करने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गयी। ग्रामीणों में चर्चा थी कि आरोपी देव कुमार पासवान शादी के बाद से बराबर ससुराल में ही रहा करता था। वह नशे का आदी है। हर दिन नशा करना उसकी आदत है। डेढ़ साल पूर्व ही उसकी शादी लालपुर के कलेश्वर पासवान की पुत्री अमृता से हुई थी। महज डेढ़ माह पहले ही पहली संतान बच्ची ने जन्म लिया था। अमृता अपनी बच्ची का लालन-पालन अपने मायके में रहकर ही करती थी। उसका पति अपने गांव में हलवाई के साथ काम करता था।

ग्रामीणों का कहना था कि शादी के बाद पता चला कि आरोपी देव कुमार पासवान काफी सिरफिरा है , जिसके कारण उसके गांव बछवाड़ा के राजापुर में भी इसकी काफी शिकायत है। सास-ससुर से रुपये की मांग करता था। मृतका की मां अमृता बस इतना बता पा रही है कि उसके पति ने बेटी को पटक-पटक कर मार डाला है। नाना लालपुर निवासी कलेश्वर पासवान ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। आवेदन अपने दामाद बेगूसराय के बछवाड़ा थाना के राजापुर निवासी देव कुमार पासवान को आरोपित किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष आफ ताब आलम ने बताया कि मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और हत्यारोपी पिता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।