गया, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
बिहार में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है, इसका ताजा मामला गया में देखने को मिला है। गया सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात ने एसडीएम को जान से मारने की धमकी दी है। मोबाइल पर कॉल कर इस तरह की धमकी की दी गई है। धमकी मिलने के बाद एसडीएम सकते में आ गए। मामले की प्राथमिकी कोच थाने में दर्ज कराई गई है। कोंच थाने की पुलिस कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, गया जिले के टिकारी अनुमंडल के एसडीएम सुजीत कुमार को एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद का नाम विमलेश यादव बताया। वह फिलहाल गया सेंट्रल जेल में बंद है। एसडीएम सुजीत कुमार को फोन कर विमलेश यादव ने धमकी दी और गाली गलौज भी किया। वहीं, बताया जा रहा है कि टिकारी एसडीएम ने जब कॉल रिसीव किया, तो फोन करने वाले ने अपने आप को जिला परिषद का सदस्य बताया। यह भी कहा कि वह विमलेश यादव हैं और कोच थाना क्षेत्र के सिंदूवारी गांव में उसका घर है। एसडीएम को उसने देख लेने और जान मारने की धमकी दी।
इस संबंध में कोंच थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि टिकारी अनुमंडल के एसडीएम सुजीत कुमार को जान मारने की धमकी मिली है। जेल से यह मोबाइल कॉल आने की बात सामने आई है। फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार फोन करने वाला विमलेश यादव गया सेंट्रल जेल में बंद है। एसडीएम सुजीत कुमार ने इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस गंभीरता से मामले की छानबीन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।