मुजफ्फरपुर में रामदयालुनगर में आरबीटीएस होम्योपैथिक कॉलेज के निकट स्थित एक आभूषण दुकान से बुधवार दोपहर दो बजे तीन अपराधियों ने करीब 51 लाख के सोने व चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को नौ मिनट में अंजाम देकर तीनों बाइक से रामदयालुनगर रेलवे गुमटी की ओर भाग निकले। अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ग्राहक बनकर पहुंचे इन लुटेरों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच की बताई जा रही है।
घटना के बाद दुकानदार विनोद साह ने सदर पुलिस को सूचना दी। एसएसपी राकेश कुमार, सिटी एसपी अवधेश सरोज दीक्षित, टाउन एएसपी भानु प्रताप सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। दुकानदार के पुत्र गोपाल कुमार और कर्मी सोनू ने पुलिस को बताया कि एक बाइक पर सवार तीन युवक दुकान के बाहर रुके। उनमें से एक दुकान के अंदर आया और अपना हेलमेट काउंटर पर रखकर सोने की चेन दिखाने को कहा। गोपाल ने पहले हल्की चेन दिखई तो उसने सबसे महंगी और भारी चेन दिखाने को कहा। गोपाल सोने की चेन का बॉक्स उठाकर ले आया और काउंटर पर रखकर दिखाने लगा। इस दौरान लुटेरा थूक फेंकने के बहाने बाहर निकला और इशारा कर अपने साथी को अंदर बुला लिया।
लुटेरे के दूसरे साथी ने मास्क और कैप पहन रखा था। इतने में दोनों ने पिस्टल निकाल ली और डराकर बॉक्स सभी गहने लूटकर बैग में रख लिए। उनका एक साथी बाहर बाइक पर ही बैठा रहा। लूट को अंजाम देने के बाद दोनों तेजी से बाहर भागे। इसके बाद तीनों रामदयालुनगर रेलवे गुमटी की ओर भाग निकले। उनके दुकान से निकलते ही गोपाल ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। उसकी आवाज सुन विनोद दौड़कर दुकान पर पहुंचे तो देखा कि तीनों लुटेरे बाइक से भाग रहे हैं। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। जब तक लोग जुटते तीनों फरार हो चुके थे।