Friday 01-May-2026

वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई, जनता एक बार फिर सरकार को शानदार जनादेश देगी

वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई, जनता एक बार फिर सरकार को शानदार जनादेश देगी

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को उम्मीद जताई कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को आगामी लोकसभा चुनावों में जनता एक बार फिर शानदार जनादेश के साथ आशीर्वाद देगी। अगले कुछ महीनों में देश में आम चुनाव होने हैं।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि हमारे काम के आधार पर लोग एक बार फिर हमें शानदार जनादेश देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि देश ने कोविड-19 महामारी की चुनौतियों पर काबू पाया और आत्मनिर्भर भारत की नींव तैयार की। सीतारमण ने कहा कि जब 2014 में मोदी सरकार सत्ता में आई, तो भारत भारी चुनौतियों का सामना कर रहा था और देश ने सही मायने में उन चुनौतियों पर काबू पा लिया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने की दिशा में काम कर रही है। सीतारमण ने अंतरिम बजट 2024-25 पेश करते हुए कहा कि ''अन्नदाता'' (किसानों) के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य समय-समय पर और उचित रूप से बढ़ाया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार के लिए सामाजिक न्याय एक प्रभावी तथा आवश्यक 'मॉडल' है।

वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार प्रणालीगत असमानताओं को दूर करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जोर परिणामों पर है ताकि सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाया जा सके। सीतारमण ने कहा कि हम परिणामों पर ध्यान केंद्रित करते हैं न कि परिव्यय पर। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए केवल गरीब, महिला, युवा तथा किसान चार जातियां हैं।