रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के सभी इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। कई निचले इलाके डूब गए। सड़कें लबालब हो गईं। कुछ इलाकों में रेल ट्रैक पर भी पानी चढ़ गया, जिसके चलते घंटों परिचालन बाधित रहा। गुरुवार देर रात से शुक्रवार रात तक होती रही भारी बारिश के कारण रांची बेहाल हो गयी। शहर के दीपाटोली के बांधगाड़ी इलाके में एनडीआरएफ को उतारना पड़ा। यहां घरों के अंदर फंसे 35 लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर सभी जिलों के डीसी को अलर्ट करते हुए सभी तैयारी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। राज्य में सबसे अधिक बारिश दुमका जिले के नाला में 145 मिमी और जामताड़ा में 133 मिमी रिकार्ड की गई। रांची में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर निम्न दवाब का क्षेत्र बना हुआ है। यह उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इससे राज्य कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, संताल-कोयलांचल में भी बारिश जारी है। धनबाद में कई जगह घरों और दुकानों में पानी भर गया। कोलियरी इलाकों में गैस रिसाव से लोग दहशत में हैं। दुमका के बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक पर लगभग 3 फीट पानी जमा हो गया है, जिससे ट्रेनों का आवागमन बंद है। इसके अलावा जामताड़ा-नारायणपुर सड़क और साहिबगंज के बोरियो-तीनपहाड़ मार्ग पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा।