भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ''घबराहट में आधारहीन बयान दे रहे हैं। एक दिन पहले राजद नेता तेजस्वी द्वारा की गई टिप्पणी कि उन्हें 'चाचा'नीतीश कुमार का 'पूरा समर्थन' मिल रहा है, के बाद गिरिराज सिंह का यह बयान आया है।
भाजपा नेता ने कहा, लोकसभा चुनाव के चार चरण के मतदान के बाद 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं को अहसास हो गया है कि उन्हें शर्मनाक हार मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) देश में 400 से अधिक और बिहार की सभी 40 सीट पर जीत दर्ज करेगा। राजद नेता (तेजस्वी यादव) अब घबरा गए हैं। वह केवल 'घबराहट' में आधारहीन बयान दे रहे हैं। बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से दोबारा किस्मत आजमा रहे भाजपा नेता ने यह टिप्पणी तब की जब संवाददाताओं ने पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के उस दावे के बारे में पूछा कि ''चाचा'' नीतीश कुमार का उन्हें 'पूरा समर्थन'मिल रहा है।
तेजस्वी यादव ने मंगलवार को दावा किया था कि इस समय भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे जनता दल-यूनाइटेड(जदयू) के अध्यक्ष एवं 'चाचा' नीतीश कुमार का समर्थन उन्हें केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी को हराने के लिए मिल रहा है। उन्होंने कहा था, चाचा का संभवत: भाजपा ने अपहरण कर लिया है लेकिन उन्होंने मुझे उन लोगों को सत्ता से बाहर करने का महत्व सिखाया जिनकी सत्ता 2014 में आई थी। भीतर से, उनकी यह भावना बरकरार है। तेजस्वी ने कहा कि मैं जानता हूं कि उनका आशीर्वाद मेरे साथ है क्योंकि मैं उनकी लड़ाई को आगे बढ़ा रहा हूं। जरा गौर करें, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करना था, उसी दिन उनकी तबीयत खराब हो गई। साफ है कि मुझे उनका पूरा समर्थन मिल रहा है।