Thursday 14-May-2026

बारिश में भीगकर रील बना रही थी लड़की, तभी गिरी आकाशीय बिजली; बाल-बाल बची जान

बारिश में भीगकर रील बना रही थी लड़की, तभी गिरी आकाशीय बिजली; बाल-बाल बची जान

सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र के सिरसिया बाजार स्थित एक घर की छत पर बुधवार सुबह बारिश के दौरान ठनका गिरने पर रील्स बना रही लड़की बाल-बाल बच गई। ठनका गिरने व रील्स बना रही लड़की के भागने की तस्वीर मोबाइल में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की रील्स बनाना शुरू करती है, तभी पीछे ठनका गिर जाता है और वह तेजी से भाग जाती है।

सिरसिया पंचायत के मुखिया राघवेंद्र भगत की पुत्री मुस्कान ने बताया कि बुधवार सुबह बारिश के दौरान घर के सदस्यों की मदद से छत पर रील्स बना रही थी। इसी बीच तेज आवाज के साथ ठनका गिर गया। इससे वह इतना डर गयी कि बिना कुछ देखे नीचे भाग गयी।

मुखिया ने बताया कि उनकी पड़ोसी शिक्षिका सुनीता देवी की छत पर ठनका गिरा है। इससे शिक्षिका की छत व सीढ़ी में दरारें आ गई हैं। डीटीएच की छतरी सहित बिजली की वायरिंग पूरी तरह जल गयी। वायरिंग जलने से घर में रखे फ्रिज, पंखे समेत अन्य उपकरण जल गए हैं। बताया गया है कि जहां ठनका गिरा है, वहां एक ट्रांसफार्मर भी जल गया। आसपास केघरों के बिजली से जुड़े उपकरण जलने की सूचना है।