Saturday 13-Jun-2026

हार्डकोर नक्सली जमुई से हुआ गिरफ्तार, 5 साल से था फरार

हार्डकोर नक्सली जमुई से हुआ गिरफ्तार, 5 साल से था फरार

बांका जिले की आनंदपुर ओपी पुलिस ने सोमवार की रात हार्डकोर नक्सली विश्वेश्वर मोदी को गिरफ्तार कर लिया। विश्वेश्वर को जमुई के बटिया के समीप कालीपहरी गांव से गिरफ्तार किया। वह करीब पांच वर्षो से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहा था। विश्वेश्वर मोदी पर कई नक्सली कांडों में संलिप्त होने का आरोप है। उसके खिलाफ कोर्ट से कुर्की वारंट भी जारी किया गया था।

नक्सली उन्मूलन अभियान के तहत एसपी डा. सत्यप्रकाश के निर्देश पर आनंदपुर में ओपीध्यक्ष विपिन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान में नक्सली को दबोचने में पुलिस से सफलता पाई। विश्वेश्वर मोदी आनंदपुर स्थित नक्सल प्रभावित पंडरिया गांव का रहने वाला है।

ओपीध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ आनंदपुर ओपी (चान्दन) थाना में कई संगीन धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसपर अन्य थानों में चल रहे मामलों को भी खंगाला जा रहा है। ओपीध्यक्ष ने बताया कि ओपी क्षेत्र में विभिन्न कांडों में फरार चल रहे अपराधियों व नक्सलियों के खिलाफ पुलिस टीम द्वारा छापेमारी अभियान जारी है।