लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाथरस में भगदड़ की घटना के संबंध में शुक्रवार को कहा कि प्रशासन की ओर से चूक हुई थी। कांग्रेस नेता ने साथ ही कहा कि वह इसे ‘राजनीतिक’ रंग नहीं देना चाहते। दरअसल, राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पहुंचकर हाथरस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। बता दें कि हाथरस में 2 जुलाई को सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए।
राहुल गांधी का अलीगढ़ में पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें राहुल को परिजनों से बैठकर बात करते हुए और उनकी तकलीफों को सुनते देखा जा सकता है। राहुल गांधी जहां बैठे हैं, उनके आस-पास लोगों की भीड़ खड़ी है, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी नजर आ रहे हैं। पीड़ितों ने राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान मांग की कि आयोजकों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे कहा कि वह सहायता करेंगे।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पीड़ितों के परिवार में से एक महिला ने कहा, उन्होंने हमसे कहा है कि वह पार्टी के माध्यम से हमारी मदद करेंगे। उन्होंने हमसे पूछा कि ये सब कैसे हुआ। हमने उन्हें बताया है कि किस तरह से लापरवाहियां बरती गई हैं। कांग्रेस नेता पीड़ित परिवारों के परिजनों से मुलाकात के बाद वहां से रवाना हो गए।
Hathras, Uttar Pradesh: Congress MP and Lok Sabha LoP Rahul Gandhi met the victims of the stampede that took place in Hathras on July 2 claiming the lives of 121 people.
— ANI (@ANI) July 5, 2024
(Source: AICC) pic.twitter.com/aDyuz5hOoc